सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम व एसपी ने सुनी फरियादियों की शिकायतें, ससमय निस्तारण के दिए निर्देश -DM and SP listened to the complaints of the complainants in the Sampoorna Samadhan Diwas, gave instructions for timely disposal

बस्ती जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील हर्रैया में सम्पन्न हुआ, जिसमें जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने लोगों की समस्याओं को सुना तथा समय से निस्तारित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होने राजस्व वादों के निस्तारण हेतु कानूनगो एवं लेखपाल को निर्देशित किया कि विवादित स्थल पर पहुॅचने से पहले फरियादियों को अवगत कराते हुए दोनों पक्षों को गम्भीरतापूर्वक सुनें तथा सुनने के पश्चात् गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्षता के साथ वादों का निस्तारण करें। निस्तारण में किसी प्रकार की कोई समस्या होती/आती है, तो तत्काल अपने उच्चाधिकारी को बताये तथा उनको भी अवगत करायें।

     तहसील दिवस में उपस्थित जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आई.जी.आर.एस. पोर्टल का प्रतिदिन अवलोकन करें। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नही होंगी। उन्होने कहा कि पोर्टल पर शिकयतों का निस्तारण करते समय प्रश्न का सार लिखते हुए आख्या अपलोड करें। किसी भी स्तर पर शिकायत डिफाल्टर की श्रेणी में ना आने पाये, इसमें समय का विशेष ध्यान दिया जाय। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने वन महोत्सव 2024, वृक्षारोपण अभियान के अन्तर्गत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
     इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी ने भी आये हुए फरियादियों की समस्याओं को सुना। उन्होने पुलिस अधिकारियों व थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि फरियादियों की समस्याओं का त्वरित व निष्पक्षता के साथ उनके विवादों का निस्तारण किया जाय।
    उप जिलाधिकारी हर्रैया विनोद कुमार पाण्डेय ने बताया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 121 मामलें प्राप्त हुए, जिसमें से 16 का मौके पर निस्तारण किया गया। इसमें राजस्व विभाग के 58, पुलिस के 27, विकास के 18, विद्युत के 07, शिक्षा के 03 तथा अन्य के 08 मामलें आये।
     सम्पूर्ण समाधान दिवस में सीएमओ डा. रमाशंकर दुबे, उप जिलाधिकारी न्यायिक मनोज प्रकश, पीडी राजेश झा, जिला विकास अधिकारी अजय सिंह, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी राजेश त्रिपाठी, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, सेवा योजन अधिकारी अवधेन्द्र वर्मा, डीपीआरओ रतन कुमार, पीओ डूडा सुनीता सिंह, बीएसए अनूप कुमार, डीएसओ सत्यवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी पुलिस तथा विभागीय अधिकारी गण उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया पौधरोपण-
सम्पूर्ण समाधान दिवस के पश्चात् जिलाधिकारी रवीश गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी ने वन महोत्सव 2024, वृक्षारोपण अभियान के अन्तर्गत तहसील परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

और नया पुराने