वरिष्ठ भाजपा नेता एवं आरएसएस के सक्रिय स्वयंसेवक डॉ. नागर दास मिश्र के निधन से राजनैतिक, सामाजिक एवं प्रबुद्ध वर्गे के लोगों में शोक की लहर

बस्ती। वरिष्ठ भाजपा नेता और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सक्रिय स्वयंसेवक डॉ. नागर दास मिश्र का निधन हो गया। वे करीब पचपन वर्ष के थे। नागर दास मिश्र की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आयी थी। इनका स्थानीय कैली अस्पताल में इलाज चल रहा था। इनके निधन से राजनैतिक क्षेत्र के साथ साथ शिक्षा जगत से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गयी।
डॉ. मिश्र आचार्य नरेंद्र देव पीजी कालेज बभनान में राजनीति शास्त्र के विभागाध्यक्ष थे। ये हिन्दुस्तानी अकादमी प्रयागराज के सदस्य भी थे। नागर दास जी एक आदर्श स्वयंसेवक थे, सह नगर संघचालक, जिला बौद्धिक प्रमुख जैसी जिम्मेदारी का निर्वहन कर चुके थे। वे एक सरल, मृदुभाषी और सिद्धांतवादी व्यक्ति थे।
डॉ. नागर दास मिश्र संघ परिवार के शिक्षण संस्था जन शिक्षा समिति के प्रदेश के अध्यक्ष भी थे।  उन्होंने 
भाजपा के जिला महामंत्री, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन भी किया।। वे बस्ती नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव भी लड़ चुके थे। इसके अलावा सरस्वती विद्या मंदिर रामबाग के दो बार प्रबंधक तथा वर्तमान में अध्यक्ष का दायित्व निर्वहन कर रहे थे। स्वास्थ्य के प्रति सदा सजग रहने वाले, संयमित जीवन जीने वाले नागर दास को कोरोना महामारी ने 12 दिन पूर्व अपनी चपेट में ले लिया था, तभी से वह कैली हॉस्पिटल में भर्ती थे। अस्पताल में ही उन्होंने अंतिम सांस ली। डॉ. नागर दास मिश्र अपने पीछे दो पुत्र तथा दो पुत्रियों और पत्नी सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इनके निधन पर जनपद के तमाम नेताओं, शिक्षाविदों और बुद्धिजीवी वर्ग ने शोक संवेदना व्यक्त किया है।
और नया पुराने