संविधान तथा कानून के प्रति अपना विश्वास बनाये रखें, भ्रान्ति न फैलने दें ताकि जनपद में अमन-चैन का माहौल बना रहें - डीएम
बस्ती। राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक समुदाय की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। अल्पसंख्यक कल्याण दिवस हम सभी को यह याद दिलाता हैं। उक्त बातें विकास भवन सभाकक्ष में आयोजित अल्पसंख्यक कल्याण अधिकार दिवस की बैठक को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने कही। उन्होने बताया कि भारत में यह दिवस 1992 से मनाया जा रहा है। हम इस अवसर पर जनपद के सभी धर्मावलम्बियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा उपस्थित लोगों से अपील करते है कि संविधान तथा कानून के प्रति अपना विश्वास बनाये रखें। भ्रान्ति न फैलने दें ताकि जनपद में अमन-चैन का माहौल बना रहें। जनपद में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू है। किसी को धर्म के आधार पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का हक नही है। 1955 के बेसिक एक्ट में संशोधन हुआ है जो नागरिकता के लिए भारत में निवास करने की अवधि 11 वर्ष थी, उसे घटाकर 05 वर्ष किया गया है। मजहवी आधार पर इससे किसी का कोई नुकसान नही है। शान्ति व्यवस्था में सभी लोग सहयोग प्रदान करें।
मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द पाण्डेय ने कहा कि हिन्दुस्तान एक गुलदस्ता है। हम सब इस गुलदस्ते के फूल है। सभी में इंसानियत होनी चाहिए, जिससे कर्तव्य बोध हो और हमारा अधिकार हमें स्वयं प्राप्त हो जाये। इस दिशा में सकारात्मक सोच पैदा करें। अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के इस गोष्ठी में सरदार रधुवीर सिंह, शिक्षण संस्थानों के प्रमुख, प्रधानाचार्यो ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए। गोष्ठी की अध्यक्षता सरदार जगवीर सिंह ने किया। अन्त में जिला अल्पसंख्या कल्याण अधिकारी एसके सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारा प्रशासन जिलाधिकारी महोदय के निर्देशन में अल्पसंख्यक समुदाय के लिए शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए तत्पर है। सभी पात्र लोग लाभ प्राप्त करने के लिए जागरूक हो। आप सभी के समस्याओं का निराकरण किया जायेगा।